दुद्धी। टाउन क्लब मैदान पर चल रहे 34वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को आगरा और झारखंड रांची के बीच मैच खेला गया। आगरा के कप्तान कासिम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आगरा की टीम ने 20 ओवर के खेल में नौ विकेट गंवाकर 192 रन बनाए। टीम के शिवम 42, राहुल ने 30, वैभव ने 28 और निखिल ने 22 रनों का योगदान रहा। वही गेंदबाजी करते हुए रांची झारखंड के गेंदबाज शुभम ने चार ओवर में 40 रन देकर चार विकेट गिराए। अभिषेक ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लेने में सफल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने बल्लेबाजी करने उतरी रांची की टीम ने 18.2 ओवर में सभी विकेट गंवाकर महज 155 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी करते हुए आगरा टीम के गेंदबाज कासिम कप्तान ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट, सौजब ने 3.2 ओवर में 19 रन देकर दो विकेट और अभिषेक ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट झटके। इस तरफ से आगरा की टीम ने रांची की टीम 38 रन से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैन ऑफ द मैच कासिम रहे, जिन्हें मुख्य अतिथि कमलेश मोहन ने सम्मानित किया। निर्णायक की भूमिका में गौस मोहम्मद खान और इकबाल कुरैशी रहे। कमेंट्री मो. सलीम खान व शमीम अंसारी, सुनील जायसवाल तथा स्कोरिंग आर्यन जायसवाल ने की। महबूब खां ने बताया कि अगला मैच गढ़वा और आगरा के बीच खेला जाएगा।