सोनभद्र। जिला पोषण और कन्वर्जेंस समिति के कार्यों की डीएम ने शुक्रवार को समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान डीएम ने गांवों को शत प्रतिशत कुपोषण मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि जिले के विकास व स्वस्थ समाज के लिए बच्चों का स्वस्थ होना जरूरी है। कुपोषण मुक्त गांव की संकल्पना के साथ ही अधिकारियों को गांव के हिसाब से कार्य आवंटित किए गए हैं। अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गांवों को शत-प्रतिशत कुपोषण मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। पोषाहार वितरण के बाद पोषण ट्रैकर एप पर फीडिंग अनिवार्य रूप से की जाए। ब्लॉक स्वास्थ्य पोषण दिवस की बैठक रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से कराने के निर्देश सीएमओ और डीपीओ को दिया। सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण अभियान के तहत कराए जा रहे कार्यों की बेहतर ढंग से मॉनिटरिंग करें। इसमें शिथिलता बरतने पर कार्रवाई होगी। सैम-मैम बच्चों को समय से पोषाहार व दवाएं उपलब्ध कराई जाए। उनके स्वास्थ्य का नियमित अंतराल पर परीक्षण भी कराया जाए। सीडीपीओ और बीईओ संबंधित ब्लाॅक में रहकर अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करें। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माणाधीन भवनों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, रोहित यादव, सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, डीपीओ विनीत सिंह आदि मौजूद रहे।