कार्य से विरत रहे अधिवक्ता, जुुलूस निकाल कर सौंपा ज्ञापन
साथी अधिवक्ता के घर में घुसकर अभद्रता पर जताया आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। साथी के घर में घुसकर अभद्रता करने के मामले में शनिवार को अधिवक्ताओं ने राबर्ट्सगंज कचहरी परिसर में जुलूस निकाला। न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध प्रदर्शन किया। तहसील सभागार में पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। आरोपी दरोगा समेत अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। लगातार दूसरे दिन वकीलों के कार्य बहिष्कार से कोर्ट का कामकाज प्रभावित रहा और वादकारी परेशान रहे।
सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद शुक्ला ने कहा कि शुक्रवार को वकीलों के आमसभा की बैठक में दरोगा समेत पुलिसकर्मियों के कृत्य की निंदा की गई और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि जब तक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाती आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि अधिवक्ता अजय कुमार अग्रहरि के घर में रात्रि साढ़े नौ बजे दरोगा व पुलिसकर्मियों द्वारा यह कहकर घुसना कि घर में अपराधी को छुपाकर रखे हो और अभद्रता करने वाला कृत्य क्षम्य नहीं है। कहा कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती तो 17 अक्तूबर को अगली रणनीति बनाई जाएगी। प्रदर्शन में महामंत्री चंद्रपाल शुक्ला, राजेंद्र चौधरी, अनिल मिश्रा, आनंद मिश्र, राजीव कुमार सिंह गौतम, उमेश मिश्र, दीपक केशरी, पीए खान आदि अधिवक्ता शामिल रहे।