सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र और सोनभद्र बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष भोला सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए दोनों बार संघों की ओर से अलग-अलग अधिवक्ता कल्याण न्यास (वेलफेयर ट्रस्ट) की स्थापना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के अध्यक्ष जगजीवन सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित में कल्याण न्यास की स्थापना एक दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि जब भी अधिवक्ताओं की बात होती है, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सदैव उनके साथ खड़ा रहता है। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यास के गठन से सभी वर्गों के अधिवक्ताओं को आर्थिक सहयोग मिलेगा और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
सोनभद्र बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार चौबे ने कहा कि अधिवक्ताओं का सशक्तीकरण तभी संभव है, जब आकस्मिक परिस्थितियों में बार संघ आर्थिक रूप से सहयोग करे। इसी उद्देश्य से यह संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दोनों बार संघ अपने-अपने अधिवक्ता कल्याण न्यास का गठन करेंगे। बैठक में सोनभद्र बार एसोसिएशन की ओर से विनोद कुमार चौबे व शारदा प्रसाद मौर्य और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की ओर से पवन कुमार सिंह एवं राजेश कुमार यादव को न्यास गठन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह टीम दो दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। बैठक का संचालन राजेश कुमार मौर्य ने किया। इस अवसर पर प्रदीप कुमार मौर्य, सुरेश सिंह कुशवाहा, राम गुल्ली यादव, चंद्र प्रकाश सिंह, विमल प्रसाद सिंह सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।