दुद्धी तहसील सभागार में नगर के विद्युत व्यवस्था को लेकर बैठक में शामिल अधिकारर और नागरिक।
- फोटो : SONBHADRA
दुद्धी तहसील मुख्यालय पर लगातार बिजली कटौती से बेहाल नगर वासियों ने सोमवार को तहसील सभागार में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जमकर खरी खोटी सुनाई। नगर वासियों ने कहा कि दुद्धी तहसील मुख्यालय को 22 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था है लेकिन यहां घंटों घंटों बिजली गायब रहती है। बिजली विभाग इसके लिए इंसुलेटर पंचर हो जाने का हवाला देता है।
बिजली विभाग के एक्सईएन ने आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए कहा कि दुद्धी में तैनात जेई की मृत्यु के बाद थोड़ी समस्या आ रही है। जुलाई में दुद्धी के एक जेई की तैनाती कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इंसुलेटर पंचर की समस्या और जंगलों में पेड़ों की टचिंग की समस्या के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होती हैं, जिसे लेकर बिजली विभाग जगह-जगह संविदा कर्मचारियों को तैनात करेगी ताकि फाल्ट जल्द दुरुस्त किया जा सके। उप जिलाधिकारी रमेश कुमार ने बिजली विभाग के एक्सईएन शुभेंदू शाह और एसडीओ को सख्त चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर दुद्धी की बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से सीओ दुद्धी रामआशीष यादव, चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, कोतवाल पंकज कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, कुलभूषण पांडेय, रामपाल जौहरी, जुबेर आलम, गौस मोहम्मद खान, सुरेंद्र गुप्ता, सुरेंद्र अग्रहरि, कन्हैयालाल अग्रहरि, पंकज जायसवाल, पियूष अग्रहरि, धीरज जायसवाल, धनंजय रावत, दीपक शाह, मोनू सिंह आदि उपस्थित रहे।