सोनभद्र। अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति ने चप्पल से पिटाई के बाद थूक कर चटवाने का आरोप लगाया है। घटना सितंबर की है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर चोपन पुलिस ने केस दर्ज किया है। हालांकि पुलिस ऐसी घटना से इन्कार कर रही है। मामले की जांच की जा रही है।
चोपन थाना क्षेत्र सलखन निवासी युवक (38) ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि वह कुछ कार्य से बाइक लेकर चोपन के गौरव नगर गया था। वहां से घर लौट रहा था। गौरव नगर में ही बाइक उसकी बंद हो गई। बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर चालू करने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच गौरव नगर के ही विनोद विश्वकर्मा, आकाश विश्वकर्मा, उसका भाई सौरभ और एक अन्य व्यक्ति आए।
सड़क पर खड़े होने के कारण थप्पड़ मार दिया। आरोपियाें ने भीड़ के सामने ही चप्पल पर थूक कर उसे चटवाया। मामले में शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों पर मानहानि, एससी-एसटी, शांति भंग करने सहित अन्य धाराओं में चालान किया है। उधर, चोपन एसओ विजय कुमार चौरसिया का कहना था कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। मामले की जांच सीओ के स्तर पर की जा रही है। वहीं सीओ सिटी डॉ. चारू द्विवेदी ने कहा कि पीड़ित को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।