उत्तर प्रदेश सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद की बुधवार को राबर्ट्सगंज स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पर हुई बैठक में पेंशन लागू कराने की रणनीति बनाई गई। इसके अलावा समस्या का समाधान न होने पर वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर 22 अगस्त को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
अध्यक्ष रास बिहारी देव ने कहा कि वित्त एवं लेखाधिकारी से संशोधित पेंशन प्रकरण पर 15 जुलाई को वार्ता लिखित और मौखिक रूप से हुई। इस दौरान उन्होंने पांच अगस्त से 15 अगस्त के बीच संशोधित पेंशन का कार्य पूर्ण होने का आश्वासन दिया है। अगर पेंशन समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 22 अगस्त को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। महामंत्री रमेश प्रसाद और रविंद्र नाथ दूबे ने कहा कि अगर शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होता है तो आंदोलन किया जाएगा। सदावर्ती और द्वारिका प्रसाद ने कहा कि सिर्फ सुविधा शुल्क के चक्कर में पेंशन के लिए बार-बार दौड़ाया जा रहा है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए चाहे जितना बड़ा संघर्ष क्यों न करना पड़े किया जाएगा। बैठक में नवल किशोर सिंह, द्वारिका प्रसाद, रामचंद्र, गोपाल मौजूद रहे।