जिले में पानी का संकट दिनों दिन गहराता जा रहा है। रविवार की सुबह ब्रह्मनगर में जहां लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन कर टैंकर से पानी की आपूर्ति की मांग की। वहीं शनिवार की रात नई बस्ती के लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष के आवास का घेराव किया और नारेबाजी की।
राबर्ट्सगंज में पानी की किल्लत विकराल रूप धारण करने लगी है। शनिवार की देर रात पानी आपूर्ति किए जाने की मांग को लेकर नई बस्ती के रहवासियोें ने नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता के आवास पर पहुंचकर मांगों के संबंध में नारेबाजी करने लगे। हालांकि अध्यक्ष ने आक्रोशित लोगों को टैंकरों से पेयजलापूर्ति कराने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। रात करीब नौ बजे तक नई बस्ती में पाइप लाइन और टैंकरों से पेयजलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दर्जनों की संख्या में लोग अध्यक्ष के आवास पर पहुंच कर पेयजलापूर्ति कराने की मांग पर अड़ गए। इसी बीच आवास पर अध्यक्ष केएम गुप्ता पहुंच गए और नाराज लोगों को उनकी समस्याएं दूर करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि नगरवासियों को पानी की संकट से निजात दिलाने के लिए नौ टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। किराए पर और टैंकरों को लेने की कार्रवाई की जा रही है। उधर राबर्ट्सगंज नगर पालिका के वार्ड 17 में क्षेत्रीय लोगों ने टैंकर से पानी आपूर्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सुजीत सोनी, बसंत सिंह, कामता सोनी, धीरज, सूरज, फूलदेवी, मनीष, अनीता आदि रहीं।