घोरावल। बकौली गांव में शनिवार सुबह खेत में लावारिस हालत में नवजात शिशु मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल ले जाने से पहले ही शिशु की मौत हो गई। शव कब्जे में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।
बकौली गांव में मुख्य मार्ग से 200 मीटर दूर एक खेत में नवजात शिशु पड़ा हुआ था। राहगीरों ने नवजात के रोने की आवाज सुनी तो उस ओर गए। एक बोरे पर लेटे शिशु को देख दंग रह गए। आसपास कोई नहीं था। शिशु लावारिस हाल में बोरे पर पड़ा था। जानकारी होते ही बकौली ग्राम के ग्राम प्रधान मनोज कुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सूचना पुलिस को दी। बताया गया कि तब तक शिशु जीवित था। सूचना पर पुलिस व पीआरवी मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में शिशु की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि बकौली गांव में लावारिस नवजात शिशु बोरे पर पड़ा मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।