विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरकहू में दोस्तों संग पिकनिक मनाने गया युवक लापता हो गया। उसे अंतिम बाद नदी में नहाते देखा गया था, लेकिन उसके बाद से पता नहीं चला। नदी में डूबने की आशंका को लेकर देर शाम तक परिजन और दोस्त उसकी तलाश करते रहे।
महुली निवासी चंदन कुमार (22) पुत्र दिवाकर सिंह गोंड़ रविवार को अपने दोस्तों के संग जोरकहू में पिकनिक मनाने गया था। शाम चार बजे के करीब वह नदी में नहाने उतरा, लेकिन उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। दोस्तों का मानना है कि वह गहरे पानी में चला गया हो और तेज बहाव के कारण नदी की धारा में समा गया हो। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चलने पर दोस्तों ने परिजनों को इसकी सूचना दी। परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचकर देर शाम तक युवक की तलाश करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चल सका है।