रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के गुल्लीडाढ़ गांव में बृहस्पतिवार को तालाब में डूबने से अजीत बिंद (19) की मौत हो गई। तालाब में पानी भरने के दौरान पैर फिसलने से वह डूब गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सैदा गुल्लीडाढ़ निवासी अजीत बिंद (19) अपने खेत पर खुदे तालाब में पानी लेने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से पानी में चला गया। परिवार के लोग उसे डूबते देख दौड़कर वहां पहुंचे। आनन-फानन उसे बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा ले जाया गया, जहां से डाॅक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहां उपचार के दौरान अपराह्न करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। परिजन अजीत के शव को लेकर घर चले आए और पुलिस को सूचना दी। अजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। एसओ अखिलेश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।