सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में शुक्रवार दोपहर प्रेमिका को बुलाने के लिए युवक टाॅवर पर चढ़ गया। पांच घंटे बाद युवक नीचे उतरा। घटना जियावन थाना क्षेत्र के धनहा गांव की है।
धनहा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग से आहत एक युवक करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। प्रेमिका को अपने पास बुलाने की जिद पर अड़े युवक ने पांच घंटे तक हंगामा किया। घटना की सूचना मिलते ही जियावन थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, धनहा निवासी रवि कुशवाहा का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। युवक को जैसे ही यह जानकारी मिली कि परिजन उसकी प्रेमिका की शादी कहीं और तय करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे नाराज युवक गांव के मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। पुलिस ने टावर से उतरने के बाद युवक की काउंसिलिंग कराई।