अनपरा। ठगों ने थानाक्षेत्र की एक महिला से ऑनलाइन सामान मंगाने का बिल बनाने के नाम पर 31 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने ठगी के पैसे में से 26,525 रुपये वापस करा दिए।
थाना क्षेत्र की नीलम प्रभा रानी ने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कर बताया कि वह एक फरवरी को मीशो पर सामान ऑर्डर किया था। कुछ देर बाद अज्ञात नंबर से फोन आया और कहा कि आपने जो ऑर्डर किया था, उसका बिल नहीं बन पा रहा है।
हम एक लिंक भेज रहे हैं उस पर क्लिक करिए बिल बनेगा, तभी सही पते पर जाएगा। लिंक पर क्लिक करते ही खाते से 31727 रुपये कट गए। तत्काल 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। अनपरा प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पैसे को बैंक से बात कर होल्ड कराया। एनसीआरपी पोर्टल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर संबन्धित बैंक शाखा को ईमेल के माध्यम से पत्राचार कर होल्ड हुई धनराशि में से 26525 रुपये को महिला के मूल बैंक खाते में वापस कराया। संवाद