घोरावल/रामगढ़। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शुक्रवार को सर्पदंश से महिला समेत दो की मौत हो गई। घोरावल के परसौना में महिला को सांप ने डसा तो रामपुर बरकोनिया में बालक को सांप ने डस लिया।
परसौना गांव निवासी सुशीला देवी (55) बृहस्पतिवार की देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। वहां उसे सर्प ने डस लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी तो भागकर वह घर पहुंची। परिजन जब तक उसे कहीं ले जाते उसकी मौत हो गई। पुत्र राजू की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी श्याम लाल अगरिया का दिलीप (12) बृहस्पतिवार को घर के पास नीम के पेड़ से दातून तोड़ रहा था। वहां सांप ने उसे डस लिया। बालक ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन इलाज की बजाय झांड़ फूंक कराने लगे। देर रात उसकी मौत हो गई।