रॉबर्ट्सगंज बिजली निगम कार्यालय में फैली रिकार्ड फाइलें। संवाद
- फोटो : udhampur news
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज स्थित बिजली निगम के कार्यालय में फाइलों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। कार्यालय में खुले तारों के पास फाइलों का ढेर लगा है। शार्ट सर्किट से कभी बड़ा हादसा हो सकता है। इस लापरवाही से न सिर्फ जरूरी दस्तावेज नष्ट हो सकते हैं, बल्कि कर्मचारियों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
जिले के कई बिजली कार्यालयों में आग से बचाव के इंतजाम नदारद हैं। शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित बिजली निगम के अधिशासी अभियंता और अधीक्षण अभियंता कार्यालय की पड़ताल की गइ। जहां सामने आया कि हाल में दोनों सीढि़यों के पास सैकड़ों की संख्या में खुले तार मौजूद हैं।
यहां पुराने बिजली कनेक्शन, बिलिंग, राजस्व और उपभोक्ता से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज खुले तारों के ठीक बगल में रखे हैं। यहां शॉर्ट सर्किट का खतरा भी बढ़ गया है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन सुधार अब तक नहीं हुआ। स्थिति यह है कि बिना सुरक्षा उपकरण यहां काम चल रहा है।
कार्यालय में न तो सही तरीके से वायरिंग बदली गई है और न ही अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था है। बिजली निगम जैसे संवेदनशील कार्यालय में सुरक्षा के प्रति ऐसी उदासीनता पर उपभोक्ताओं में भी नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि हर दिन फाइलों के ढेर से गुजरना उन्हें डराता है, लेकिन विवशता में काम करना पड़ता है।
-
वर्जन:
किसी तरह के लापरवाही की शिकायत नहीं मिली है। मामले का संज्ञान लेते हुए सुरक्षा की जांच कराई जाएगी। इस संंबंध में जो भी जरूरी कदम होंगे, उठाए जाएंगे। -एसबी ठाकुर, एक्सईएन, बिजली निगम रॉबर्ट्सगंज।