सोनभद्र/घोरावल। सावन माह के दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों की जत्था रविवार की देर शाम तक शिवद्वार पहुंच गया था। हजारों कांवड़ियों ने धाम के आसपास डेरा डाल दिया था। वह सुबह ही उमामहेश्वर को जल अर्पित करेंगे। जिले के अन्य शिवालयों में भी दूसरे सोमवार को लेकर तैयारियां जोरों पर रहीं। मंदिरों को जाने वाले मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन जुटा रहा।
दूसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए जल लेने के लिए कांवड़ियों का जत्था शुक्रवार से ही मिर्जापुर के गंगा घाट की ओर रवाना हो गया था। कांवड़ में जल लेने के बाद वह रविवार की दोपहर से ही शिवद्वार पहुंचने लगे थे। विजयगढ़ दुर्ग से भी जल लेकर कांवड़ियों की टोली शिवद्वार पहुंची। रास्ते में जगह-जगह उनके विश्राम के लिए भी सामाजिक संस्थाओं की ओर से पंडाल लगाए गए थे। शाम सात बजे तक 10 हजार से अधिक कांवड़िया शिवद्वार धाम तक पहुंच गए थे। बड़ी संख्या में उनके आने का क्रम बना हुआ था।मंदिर के पुजारी सुरेश गिरि ने बताया कि पहले साेमवार पर दस हजार भक्तों ने दर्शन-पूजन किया था। इस बार संख्या 25 हजार से अधिक होने की संभावना है। उधर, पुलिस प्रशासन भी इसी के अनुसार धाम परिसर के आसपास तैयारियाें में जुटा रहा। प्रशासन के साथ एसडीएम प्रदीप कुमार यादव, तहसीलदार नटवर सिंह, नायब तहसीलदार विदित तिवारी, प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, चौकी प्रभारी रामज्ञान यादव, मुख्य पुजारी सुरेश गिरि, अजय गिरि, शिवराज गिरि, ग्राम प्रधान सियाराम यादव समाजसेवी और मंदिर प्रबंधन के लोग कांवड़ियों की व्यवस्था में लगे रहे। मंदिर के मुख्य पुजारी सुरेश गिरि ने बताया कि भोर में तीन बजे आरती व पूजन के बाद कांवड़ियों के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे और जलाभिषेक और दर्शन पूजन प्रारंभ हो जाएगा। एसओ रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि धाम के चारों तरफ सीसी टीवी कैमरा, बैरिकेडिंग कराई गई है। सादे वेश में भी पुलिस कर्मी चक्रमण करते रहेंगे। उधर, जिले के बरेला महादेव, पंचमुखी महादेव पर भी उमड़ने वाली शिवभक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व अन्य इंतजाम किए गए हैं।
51 हजार पार्थिव शिवलिंग का किया पूजन
चुर्क। चुर्क जेपी परिसर स्थित न्यू काॅलोनी के शिव मंदिर में रविवार को पं. अखिल नारायण पांडेय और पं. जितेंद्र मणि पाठक की ओर से 51 हजार पार्थिव शिवलिंग का पूजन एवं रुद्राभिषेक करवाया गया। सुबह से ही शिव मंदिर में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया जो देर शाम तक जारी रहा। लगभग 150 भक्त परिवारों ने इस पूजन में हिस्सा लिया। शिव मंदिर के प्रधान पुजारी पं.गायत्री प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में आचार्य श्रवण कुमार पांडेय ने विधि विधान के साथ पूजन करवाया। सभी को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में राजेश पांडेय, सत्यम, शिवम, आशुतोष, राज, अमन कश्यप, अमन जायसवाल, रामनरेश, जयनारायण, डब्लू आदि उपस्थित रहे।