सोनभद्र। घाघर नदी पर नए पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया। जिला जेल मार्ग पर स्थित घाघर नदी पर 3.58 करोड़ से नए पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पीडब्ल्यूडी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। नया पुल के बनने से क्षेत्र के लोगों को सहूलियत होगी।
चुर्क में सीमेंट फैक्ट्री की स्थापना के समय 1960 में घाघर नदी पर पुल का निर्माण कराया गया था। गुरमा आने-जाने के लिए यह पुल ही एक मात्र रास्ता है। करीब 64 साल पहले बना 300 मीटर लंबा पुल जर्जर हो गया है। इस साल बरसात के मौसम में इस पुल से भारी वाहनों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी। फिर भी चोरी छिपे वाहन पुल से गुजर रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी ने नए पुल के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी देने के साथ बजट भी जारी कर दिया गया है। 3 करोड़ 58 लाख रुपये से पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुराने पुल के पास ही नये पुल का निर्माण कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता शैलेश ठाकुर ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।