रेणुकूट। महिला मंडल द्वारा संचालित महिला मंडल उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं महिला मंडल प्राथमिक विद्यालय में वार्षिक खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें खेलकूद के साथ ही फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी कराई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में जलेबी रेस, स्वयंवर रेस, तास रेस, साड़ी रेस, मोमबत्ती रेस एवं लैंप रेस का बहुत ही सुंदर प्रदर्शन बच्चों ने किया। इसके अलावा छोटे-छोटे बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें गृहिणी की पूजा में बाधाएं, टमाटर के उपयोग और पालीथिन से होने वाले नुकसान के बारे में बच्चों ने बताया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत राबड़ी-लालू और मनमोहन -सोनिया के व्यंग्यों ने उपस्थित दर्शकों को खूब हंसाया। इसके अतिरिक्त बच्चों ने पाश्चात्य संगीत पर बहुत ही मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसका लोगों ने आनंद उठाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जेपी सिंह ने विद्यालय की प्रगति की संक्षिप्त जानकारी दी। मुख्य अतिथि महिला मंडल की उपाध्यक्ष जया श्रीवास्तव ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्र्रशंसा करते हुए बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा। साथ ही खेलकूद और शारीरिक व्यायाम की महत्ता भी बताई। विजेता बच्चों को जया श्रीवास्तव एवं महिला मंडल की सदस्या नंदिता बोस व पूर्णिमा सिंह ने पुरस्कृत किया। कुसुम मिश्रा ने कार्यक्रम का संचालन किया। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।