ओबरा। भारतीय संचार निगम लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारियों ने बीएसएनएल इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को गाजियाबाद में संगठन के जिला मंत्री की हत्या के विरोध में धरना दिया। कर्मचारी गाजियाबाद में संगठन के जिलामंत्री सुरेंद्र पाल की हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी भी की।
धरनारत कर्मचारियों ने घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए कहा कि गाजियाबाद में महाप्रबंधक के केबिन में सुरेंद्र पाल की हत्या हुई। इसके बावजूद हत्याराें के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। वक्ताओं ने कहा कि हत्यारोपियों के विरुद्घ अब तक की पुलिस की कार्यशैली से स्पष्ट है कि इस मामले में पुलिस की मंशा साफ नहीं है। धरने में चेतावनी दी गई हत्यारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई तो संघ कड़ा निर्णय लेने को बाध्य होगा। धरने में बृजनाथ गोस्वामी, विनय सिंह, राम नारायण, राम सजन, राम बहादुर पटेल, तुलसी , भागेश्वरी आदि शामिल रहे।