चुर्क। आदर्श नगर पंचायत चुर्क गुरमा में गर्मी के साथ ही पानी का संकट शुरू हो गया है। पानी का जलस्तर नीचे जाने की वजह से कुओं के साथ हैंडपंपों ने भी साथ छोड़ दिया है। नगर पंचायत का टैंकर भी बेकार पड़ा है। ऐसे में लोगों को पानी के एक-एक बूंद के लिए तसरना पड़ रहा है। पानी के लिए लोगों को दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। बावजूद इसके क्षेत्र में जिला प्रशासन की ओर से कोई कारगर योजना नहीं बनाई गई।
दस वार्ड वाले चुर्क गुरमा को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिला है। मगर यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। सबसे बड़ी समस्या यहां पानी की है। नगर पंचायत द्वारा दो पानी टंकी का निर्माण कराया गया है। एक पानी टंकी से काफी पहले से ही वार्डों में पाइपलाइन के जरिए पानी आपूर्ति की जा रही है। इन वार्डोें में लगे ज्यादातर हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। वार्ड के लोगों का आरोप है कि पानी टंकी से अत्यधिक कनेक्शन बांट गए हैं। इस वजह से घरों तक पानी ही नहीं पहुंच पाता है। गर्मी में पानी का जलस्तर नीचे जाने से ज्यादातर हैंडपंप पानी उगल नहीं रहे हैं। जिन हैंडपंपाें से पानी आ रहा है उनका पीने लायक नहीं है। सबसे दयनीय स्थिति वार्ड संख्या पांच की है। यहां के ज्यादातर घरों में आज तक पानी आपूर्ति के लिए कनेक्शन ही नहीं दिया गया है। जिन्होंने पानी कनेक्शन उनके यहां पानी नहीं आता है। यहां हर वर्ष टैंकर से पानी आपूर्ति की जाती है।
वार्ड नंबर पांच के विजय सोनी का कहना है कि नगर पंचायत की लापरवाही की वजह से ही यहां के लोग प्यासे रहने को मजबूर हैं। जितेन्द्र सिंह कहते हैं कि गर्मी आने के पहले ही पानी के लिए योजना तैयार होनी चाहिए मगर ऐसा नहीं किया गया। वार्ड के जयराम का कहना है कि टैंकर भी शोपीस बना हुआ है। ऐसे में इस वर्ष भी क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचेगा। ऐसा नहीं होने पर लोगों को कहीं और पलायन करना पड़े।
विभगीय लोगों का कहना है कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए घुरमा स्थित पानी टंकी को शुरू कराने के साथ एक और पानी टंकी निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। जल्द ही पेयजल आपूर्ति की हालत में सुधार हो जाएगा।