सोनभद्र। अस्पतालों में शीतल पानी की व्यवस्था न होने से मरीज ठंडे पानी के लिए बिलबिला जा रहे हैं। गर्मी के दिनों में गर्म पानी का सेवन करना मरीजों और तीमारदारों की मजबूरी है। हालांकि स्वास्थ्य महकमा अस्पतालों में देशी फ्रिज स्थापित कर मरीजों को ठंडा जल उपलब्ध कराने में जुट गया है। सीएमओ ने प्रभारियों को अस्पतालों में घड़ा रखवाने का निर्देश दे दिया है।
भीषण गर्मी के विकराल रूप धारण करते ही मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी हुई है। निजी चिकित्सालयों के संचालक मरीजों से पैसा ऐंठ रहे, मगर सुविधाएं नाम मात्र की है। दुरूह एवं नक्सल क्षेत्र में स्थित सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ग्रामीण इलाके की बिजली होने से स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों को दिक्कतें हो रही है। अस्पतालों में वाटर कूलर की व्यवस्था न होेने से मरीजोें को गर्मी के गर्म पानी का सेवन करना मजबूरी है।
सीएमओ डा. जीके कुरील ने सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्र प्रभारियों को मरीजों और तीमारदारों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में घड़ा रखने का निर्देश दिया है। अस्थायी कर्मचारी घड़ों में पानी भर कर लोगों को पिलाएंगे। सीएमओ ने कहा कि मरीजों को ठंडा पानी की व्यवस्था न करने वाले प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।