विंढमगंज। गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने के लिए स्थानीय थाना क्षेत्र के दरोगा रामधीन सिंह ने सन कोचिंग सेंटर का फीता काट कर उद्घाटन किया। मां गायत्री शिक्षण संस्थान के प्रबंधक सुरेंद्र अग्रहरि ने नक्सल प्रभावित धरतीडोलवा गांव की स्नातक की पढ़ाई कर रही रंभा उराव को 51 सौ रुपये नकद दिये।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र मेें गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कराने के लिए सन क्लब सोसाइटी ने सन कोचिंग सेंटर खोला है। इसका उद्घाटन विंढमगंज थाने के दरोगा रामधीन सिंह ने फीता काट कर की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना क्षेत्र और व्यक्ति का विकास संभव नहीं है। यदि विकास करना है तो पहले शिक्षित हो। साथ में परिजनों को भी कराएं। शिक्षा ही विकास का रास्ता है।
सन क्लब सोसाइटी के विरेंद्र कुमार ने कहा कि सन कोचिंग सेंटर खोलने की प्रेरणा उन्हें विंढमगंज थाने के नक्सल प्रभावित गांव धरतीडोलवा की आदिवासी बाला रंभा उराव से मिली, जिसने मेहनत और मजदूरी के बल पर स्नातक की शिक्षा ग्रहण कर जीवन की चुनौतियों से संघर्ष कर रही है। कोचिंग सेंटर खोलने का उद्देश्य यह है कि शिक्षा से वंचित गरीबों को शिक्षित करना है। मां गायत्री शिक्षण संस्थान के प्रबंधक सुरेंद्र अग्रहरि ने रंभा उरांव की तारिफ करते हुए कहा कि जो युवक-युवतियां गरीबी के कारण पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, ऐसे लोगों की हर संभव मदद करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर दीपक कुमार अग्रहरि, मुरारी जायसवाल, प्रजात कुमार, राजन, अजय कुमार गुप्ता, प्रशांत राय, दिलीप कुमार, बृजमोहन, धर्मेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।