शक्तिनगर। एनटीपीसी सिंगरौली के कर्मचारी विकास केंद्र द्वारा ‘विश्व विकलांगता दिवस’ पर बुधवार को विद्युत गृह में कार्यरत अशक्त कर्मचारियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताआें ने कहा कि निशक्तजनों को उपेक्षा के बजाए उत्साहित किए जाने की जरूरत है।
कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि संजीवनी चिकित्सालय की मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीना कुलश्रेष्ठ मौजूद रहीं। इस अवसर पर सदभावना मानव संसाधन विकास संस्थान जबलपुर से पधारे संकाय सदस्य एके तिवारी के साथ-साथ काफी संख्या में प्रतिभागीगण उपस्थित रहे। कार्यशाला के प्रारंभ में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एमसी माझी ने मुख्य अतिथि एवं संकाय सदस्य तथा प्रतिभागियों का स्वागत् करते हुए विकलांग कर्मियों के अधिकारों तथा आरक्षण संबंधित जानकारी प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीना कुलश्रेष्ठ ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने तन के साथ-साथ मन को स्वस्थ्य एवं मजबूज बनाने की जरूरत है। क्योंकि दृढ निश्चय और प्रयास से ही हर कार्य संभव होता है तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि उम्र के साथ-साथ कई बीमारी जैसे उच्च रक्त चाप, डायबिटीज हो जाती है इससे बचने के उपाय पर भी उन्होंने विस्तार से जानकारी प्रदान की।
संकाय सदस्य एके तिवारी ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच हिम्मत और हौंसले से प्रत्येक कार्य संभव है। संकाय सदस्य ने कार्यशाला में भौतिक जानकारी के साथ-साथ खेलों की जानकारी प्रदान की। कार्यशाला का संचालन कर्मचारी विकास केंद्र के प्रबंधक (मानव संसाधन) रविंद्र कुमार सिंह ने किया।