विंढमगंज(सोनभद्र)। इलाहाबाद बैंक कचनरवा में तैनात कैशियर मुन्ना कुमार (35) की शनिवार की रात पत्थर से सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। उसका शव हरपुरा के जंगल में पड़ा मिला। हत्यारों ने शव की शिनाख्त न हो इस नाते पेट्रोल छिड़ककर आधे शव को जला दिया। ग्रामीणों की सूचना पर रविवार की सुबह कैशियर के शव की शिनाख्त उसकी परिचित एक महिला ने की। आशंका जतायी जा रही है कि महिला के पति, पिता और भाई ने ही बैंककर्मी की हत्या कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
बिहार के पटना गांधी मैदान का रहने वाला मुन्ना कुमार इलाहाबाद बैंक में कचरनवा ब्रांच में कैशियर था। वह कचनरवा में ही किराए के मकान में रहता था। बताते हैं कि मुन्ना का गांव में ही एक महिला से नजदीकियां बढ़ गयी थी। इसकी जानकारी महिला के पति को हुई तो वह आगबबूला हो गया। उसने साजिश के तहत कैशियर को शनिवार की रात अपने घर खाने पर बुलाया। यहीं पर महिला के पति और कैशियर के बीच कहासुनी हुई। फिर पति ने रात में ही अपने ससुर विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरपुरा गांव निवासी रामस्वरूप, साला जितेंद्र और महेंद्र उर्फ अर्जुन के मोबाइल पर फोन कर घर पर बुला लिया। उनके आने पर विवाद बढ़ गया लेकिन ससुर ने सभी को शांत कराया। इसके बाद महिला समेत पांचों लोगों ने हरपुरा जाने का निर्णय लिया। कैशियर और साला जितेंद्र की मोटरसाइकिल से सभी हरपुरा गए। वहां से फिर सब ने वापस कचनरवा लौटने का निर्णय लिया। हरपुरा में महिला को छोड़ चारों फिर बाइक से कचनरवा के लिए निकले। करीब आधा घंटा बाद ही राम स्वरूप, रामलाल और जितेंद्र और महेंद्र हरपुरा लौट आए। कैशियर नहीं आया। कहा जा रहा है कि जब महिला ने कैशियर के बारे में पूछताछ शुरू की तो उसके पिता और भाई ने उसकी पिटाई की और वहां से फरार हो गए। रविवार की सुबह जब हरपुरा गांव के लोग जंगल की ओर गए तो एक व्यक्ति का अधजला शव देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीणों की सूचना पर एसओ भूपेंद्र यादव हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी बीच महिला को भी शव मिलने की जानकारी हुई तो वह भी भागकर घटनास्थल पर आयी। उसने बैंक कर्मी के शव की शिनाख्त मुन्ना कुमार के रूप में की। उसने रात में हुए विवाद की जानकारी भी थानाध्यक्ष को दी। एसओ ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। एसओ भूपेंद्र यादव ने बताया कि हत्या की प्राथमिकी नहीं दर्ज की गई है। महिला का बयान ले लिया गया है। उसने अपने पति, पिता और दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है। अब बैंककर्मी के घरवालों का इंतजार है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।