सोनभद्र/घोरावल। चुनावी आदर्श आचार संहिता लगे तीन दिन गुजर चुके हैं, लेकिन दूसरों को कौन कहे, माननीय एवं घोषित प्रत्याशियों के कथित समर्थक ही आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने में जुटे हुए हैं। शनिवार को घोरावल पुलिस ने अभियान चलाकर ऐसे 10 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी की, लेकिन जिला मुख्यालय एवं जनपद के अन्य हिस्सों में ऐसे वाहन बेखौफ दौड़ते रहे।
राबर्ट्सगंज संसदीय सीट के लिए सपा और बसपा ने जहां अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वहीं कांग्रेस, भाजपा की ओर से अभी उम्मीदवारी तय नहीं की गई है, लेकिन करीब-करीब सभी दलों की ओर से चुनाव तिथि की घोषणा के पूर्व से ही प्रचार अभियान जारी है। जैसे ही चुनाव की अधिसूचना जारी है, सभी बैनरों, पोस्टरों, होर्डिंगों को हटाने का निर्देश जारी कर दिया गया। जिला मुख्यालय पर रातों-रात बैनर, पोस्टर और होर्डिगों का काफी हद तक सफाया भी कर दिया गया, लेकिन माननीयों के कथित समर्थकों की ओर से वाहनों के शीशे के पीछे हिस्से में माननीयों को जीत की अपील वाले पोस्टर पूर्व की भांति लगे हुए हैं। शनिवार को भी ऐसे कई वाहन मुख्यालय पर दौड़ते दिखाई दिए। प्रशासन की ओर से कार्रवाई की स्थिति यह है कि अभी वॉल पेंटिंगों पर ध्यान नहीं गया है। घोरावल तहसील मुख्यालय पर नगर पंचायत के गेट पर क्षेत्रीय विधायक और नगर पंचायत अध्यक्ष की तस्वीर वाली होर्डिंग अभी भी चमक रही है। घोरावल स्थित कृषि गोदाम और पशु अस्पताल के पश्चिमी चहारदीवारी हर प्रमुख दलों के संभावित एवं घोषित उम्मीदवारों के प्रचार से जुड़ी वॉल पेटिंग चुनाव चिह्न के स्लोगन के साथ लगी है। काशी राम शहरी आवास के गेट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री की फोटो लगी पड़ी है। आश्रम परिसर में भी ऐसे ही बोर्ड टंगे हुए हैं। उधर, घोरावल एसओ भारतभूषण तिवारी शनिवार को पूरे दिन वाहनों की चेकिंग में लगे रहे। इस दौरान उन्होंने 10 वाहनों से पोस्टर और झंडे उतरवाए। इसमें एक वाहन सपा सांसद, एक सपा एमएलसी प्रत्याशी का पोस्टर लगा वाहन था। मिर्जापुर के लिए जा रहे वाहन से बीजेपी का झंडा उतरवाया गया। शेष वाहनों की भी कुछ यहीं स्थिति रही। उधर, डीएम नरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि सभी एसडीएम और सीओज को आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। बैनर-पोस्टरों को उतारने का काम तेज करवा दिया गया है। जहां तक वाहनों पर पोस्टर लगाकर चलने की बात तो ऐसे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।