रॉबर्ट्सगंज राजा शारदा महेश इंटर कालेज में प्रवक्ता परीक्षा के पूर्व अभ्यर्थियों की लगी कतार।सं
सोनभद्र। राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पद के लिए लिखित परीक्षा रविवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। चार केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में 1480 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में सिर्फ 36.48 प्रतिशत अभ्यर्थी ही शामिल हुए।
जबकि 63.52 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह के मुताबिक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क में कुल 384 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। मगर यहां सिर्फ 138 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में 384 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 140 अभ्यर्थी ही परीक्षा दिए।
इसी तरह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में 384 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, यहां 144 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। आदर्श इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में पंजीकृत 328 अभ्यर्थियों में से सिर्फ 118 ही परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह से सभी चार केंद्रों पर पंजीकृत 1480 अभ्यर्थी के सापेक्ष 540 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
जबकि 940 अभ्यर्थी परीक्षा नहीं दिए। डीआईओएस ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। यह परीक्षा 9.30 से 11.30 बजे तक हुई। डेढ़ घंटे पहले ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टि से सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रहीं। संवाद