राबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड की जांच करते कर्मी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। जब से कोरोना की दूसरी लहर आई है मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को रेणुकूट निवासी एक व्यक्ति की हुई मौत के बाद शनिवार को जब रिपोर्ट आई तो जिले भर में 93 नए केस सामने आए। इसमें म्योरपुर ब्लाक क्षेत्र में ही अकेले 51 मामले आए। यानी उस क्षेत्र में सबसे ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। 25 लोग शनिवार को ठीकहोकर अपने घर भी गए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन के अनुसार चतरा ब्लाक में एक, चोपन ब्लाक में दो, घोरावल क्षेत्र में 10, राबर्ट्सगंज 24, नगवां में पांच और म्योरपुर इलाके में 51 नए संक्रमित मिले। इसमें ज्यादातर औद्योगिक कंपिनयों से जुड़े हैं। जिले में बीते 15 दिन के भीतर 278 केस आ चुके हैं। डॉ. सुमन जायसवाल ने बताया कि जहां भी संक्रमित मामले आ रहे हैं वहां अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। सभी को दो गज की दूरी, मास्क जरूरी के बारे में भी बताया जा रहा है।