सोनभद्र । कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को पल्स पोलियो अभियान की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई। मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि अच्छी तंदरुस्ती के बिना विकास की कल्पना नहंीं की जा सकती। ऐसे में पल्स पोलियो उन्मूलन महाभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता के साथ बूथ कवरेज बढ़ाया जाए और बूथ दिवस के बाद अगले पांच दिनों तक बाकी बचे बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जाए।
सीडीओ ने कहा कि चार अगस्त से पल्स पोलियो अभियान शुरू हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से बेहतर समंवय बनाकर अभियान को सफल बनाने की अपील की। सीडीओ ने मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि वे एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ब्लाकवार बैठक कराकर प्रशिक्षण देकर गांव स्तर तक जन स्वास्थ्य व बाल विकास की योजनाओं का भी संचालन करें। उन्होंने एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्यबोध कराते हुए ईमानदारी से उसे पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान सीडीओ ने जिले में हो रहे पौधरोपण अभियान को सफल बनाने का निर्देश जिम्मेदार अधिकारियों को दिये। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसपी सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत कुमार सिंह के अलावा जिले के प्रभारी चिकित्साधिकारीगण मौजूद रहे।