एनटीपीसी रिहंद के इंद्रधनुष प्रेक्षागृह में शुक्रवार की देर शाम दीर्घ सेवा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि समूह महाप्रबंधक के श्रीधर ने 78 ऐसे कर्मचारी जिन्होंने एनटीपीसी में 25 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है और आठ ऐसे कर्मचारी जिन्होंने 15 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें दीर्घ सेवा सम्मान से नवाजा।
25 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को सोने का सिक्का, प्रमाण पत्र, 15 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को सिल्वर प्लेट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कहा कि परियोजना के उत्तरोत्तर विकास में इन कर्मियों के त्याग और समर्पण की भूमिका अहम रही है। इन्हीं की बदौलत एनटीपीसी ने नई ऊंचाइयां हासिल की है। उम्मीद है कि आगे भी कर्मी अपने जज्बे को बनाए रखेंगे।
सीएमओ डॉ. कृष्णा मल्ल, एसके सिंह और विजय कुमार प्रसाद आदि ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान वाराणसी की ममता शर्मा और उनकी टीम ने गजल संध्या की प्रस्तुति दी, जिसका लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। इससे पहले अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर जीएम रंजन कुमार, एके केशरी, बी बासु आदि मौजूद थे। संचालन वरिष्ठ प्रबंधक एचआार नवनीता सोम, स्वागत संबोधन उप महाप्रबंधक एचआर के मल्होत्रा और धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक एचआर शुभदीप सोम ने किया।