सोनभद्र। इस बार लोकसभा चुनाव में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) मतदान केंद्रों पर जीपीआरएस लगे वाहनों से ही जाएगी। मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी उसे इसी तरह लाया जाएगा, ताकि पारदर्शिता पूर्ण चुनाव संपन्न कराया जा सके। इसको लेकर निर्वाचन आयोग का निर्देश जिला प्रशासन को मिल गया है। प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा है।
वर्ष 2019 मेें होने वाले लोक सभा चुनाव में राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील क्षेत्र में 937 मतदान केंद्र और 1475 मतदेय स्थलों पर 1324989 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें महिला मतदाता छह लाख नौ हजार 495, पुरुष मतदाता सात लाख 15 हजार 450 शामिल है। थर्ड जेंडर 44 है। वर्ष 2014 में हुए लोक सभा चुनाव के सापेक्ष इस बार 33970 मतदाताओं के नाम बढ़ा है और 16825 लोगों का वोटर लिस्ट से नाम काट दिया गया है। राबर्ट्सगंज विधान सभा क्षेत्र में 329182 वोटर, घोरावल विधान सभा में 370743 वोटर, दुद्धी विधान सभा में 311443 मतदाता और ओबरा विधान सभा में 313621 वोटर वोट डालेंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासन को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया है। इस बार आयोग ने जीपीआरएस लगे वाहनों से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम के साथ मतदान केंद्रों पर ले जाने और मतदान समाप्त होने पर उन्हीं वाहन से लाने का निर्देश दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार जीपीआरएस लगे वाहनों से पोलिंग पार्टियों और ईवीएम को ने जाने और लाने का प्रबंध किया जा रहा है। कहा कि आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष ढंग से चुनाव को संपन्न कराने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।