घोरावल । नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में रविवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। सोन साहित्य संगम व आइडियल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी एवं स्वच्छता विषय पर गोष्ठी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता शारदा और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि मिथिलेश द्विवेदी ने कहा कि अपनी रचनाओं के माध्यम से दिनकर ने राष्ट्र की महान सेवा की। राष्ट्रपति पुरस्कृत अध्यापक ओमप्रकाश त्रिपाठी ने दिनकर को कर्म पथ का महान पुजारी बताते हुए कहा कि बेहतर व स्वस्थ जीवन के लिए हम सबको स्वच्छता को आत्मसात करना होगा। इस अवसर पर ईश्वर विरागी, मन्नालाल, डा. बीएल मंसूरी आदि ने अपनी रचनाएं पेश की। साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए डा. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव, मिथिलेश द्विवेदी व ओमप्रकाश त्रिपाठी को शाल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। दीपक केशरी, राकेश शरण मिश्रा, राजेश गोस्वामी व अनुराग पांडे ने विचार व्यक्त किया। आयोजक संतोष नागर ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन अमरेशचंद्र व इनामुलहक अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार, रामअनुजधर द्विवेदी, राजेंद्र अग्रवाल, अनुपम तिवारी, सर्वेश श्रीवास्तव, मु. हनीफ, केपी मौर्या, प्रमोद कुमार गुप्ता, नंदकिशोर विश्वकर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, राजेश गुप्ता व रमेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
राष्ट्रकवि के जीवनी पर डाला प्रकाश
बीजपुर । रिहंद सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के रचनाकारों की संस्था रिहंद साहित्य मंच के तत्वावधान में कर्मचारी कल्याण संघ में रविवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती मनाई गई । सांस्कृतिक सचिव मुकेश कुमार ने राष्ट्रकवि के जीवनी पर प्रकाश डाला। लक्ष्मी नारायण, पन्ना ने कविता के माध्यम से इंसानियत का संदेश दिया। अध्यक्ष अभिषेक टंडन ने मां की महिमा व उपाध्यक्ष कौशलेश दूबे ने वीर रस से संबंधित कविता पाठ किया। इस मौके पर डीएस त्रिपाठी, महासचिव मिथिलेश श्रीवास्तव ने भी कविता सुनाई। अध्यक्षता अभिषेक टंडन ने की। इस मौके पर कर्मचारी कल्याण संघ के महासचिव कमलकांत, राजकुमार सिंह, ओम प्रकाश व रामचंद्र आदि उपस्थित रहे ।