दुद्धी। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में हो रही झमाझम बारिश से शुक्रवार को कनहर और ठेमा नदी में उफान आ गया। दोनों नदियों के रौद्र रूप धारण करने से तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित लोगों में हड़कंप मच गया है। जल स्तर के बढने से श्मशान घाट का फर्श पानी में डूब गया है।
ठेमा नदी के ऊपरी भाग में स्थित खजूरी व देवपुरा गांव को जोडने वाली नदी पर स्थित पुलिया के पूरी तरह जलमग्न हो जाने से आवागमन बाधित हो गया है। स्थानीय लोग ठेमा नदी के रेलवे पुल से आवागमन कर रहे है। लौवा नदी के जल स्तर में भी लगातार इजाफा हो रहा है। दुद्वी नगर के वार्डों में नाली की सफाई न होने से जहां तहां जलभराव का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। वार्ड वासियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड 11 में नरसिंह बाबा मंदिर के पास करीब 20 मीटर एरिया में जलजमाव से लोग परेशान है। जिससे रहवासियों को पानी में चलकर ही घरों को जाना पड़ रहा है। पिछले एक पखवारे से यह जलजमाव है लेकिन अभी तक जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। वार्ड वासी बबलू ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष से मौखिक रूप से जलजमाव की जानकारी दी गयी लेकिन अभी तक कोई ठोस उपाय नहीं किया गया । चंदन कुमार ने कहा कि अगर मार्ग के किनारे से पानी की निकासी कर नाले में मिलवा दिया जाए तो राहत मिल जाएगी। बचऊ चौरसिया व वीरेंद्र ने पानी निकाली का इंतजाम करने की मांग की है।