सोनभद्र। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए सोमवार को डीएम के न्यायालय कक्ष में मतदान होगा। पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में वोटो की गिनती कर चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। मतदान स्थल पर कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात की जाएगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार अमरेश पटेल, भाजपा से बागी हुए विनोद मौर्य और सुभाष पाल ने नामाकंन किया है। हालांकि सुभाष ने अमरेश को समर्थन दे दिया है। शनिवार की देर रात विनोद मौर्य को मनाने के लिए उनके घर सांसद छोटेलाल खरवार, जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक अनिल मौर्य, ओबरा विधायक संजीव गोड़ और रमेश मिश्रा पहुंच कर उन्हें मनाने का प्रयास किया। जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायकों ने आश्वासन दिया कि प्रदेश से वार्ता कर उन्हें पार्टी मेें सम्मान दिलाया जाएगा। लेकिन रविवार की शाम तक विनोद की ओर से भाजपा उम्मीदवार का समर्थन किेए जाने की घोषणा नहीं की गई। उधर कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी चुनाव कराने की तैयारी में जुटे रहे। एसपी आरपी सिंह ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। कहा कि विजय जुलूस निकालने पर रोक है। बावजूद इसके जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।