शाहगंज। मां शिवदेवी महाविद्यालय में शनिवार की रात रात्रिकालीन भक्ति जागरण और भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें सावन के आखिरी सोमवार को लेकर भोजपुरी गायक गोविंद गोपाल ने बम-बम बोल रहा है काशी समेत कई गीत सुनाए। इस पर उपभोक्ता जमकर झूमे। बीच-बीच में बोल बम के जयकारे लगते रहे।
भक्ति जागरण का शुभारंभ सदर विधायक भूपेश चौबे और भंडारे का शुभारंभ एसपी आरपी सिंह ने किया। इसके बाद भोजपुरी के कलाकार गोविंद गोपाल ने जैसे ही बम बम बोल रहा है काशी गीत सुनाया मौजूद कांवरियें खुशी से झूम उठे और नाचने लगे। जागरण टीम की शिव पार्वती की आकर्षक झांकी ने पूरे पांडाल को भक्ति विभोर कर दिया। मुख्य अतिथि भूपेश चौबे ने कहा कि शिव द्वार बाबा सभी की मनोकामना पूर्ण करें। एसपी आरपी सिंह ने कहा कि सभी कावरियां भक्त यात्रा के दौरान सावधानी बरतें। इस तरह के आयोजन से सामाजिक सौहार्द बढ़ता है। महाविद्यालय के प्रबंधक जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से उन्नीस वर्षो से आज के दिन विशाल भंडारे व रात्रि कालीन भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है। इस दौरान प्रबंधक ने अतिथियों को चुनरी व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता माला चौबे ने किया। इस अवसर पर अशोक कुमार चौबे, राकेश कुमार तिवारी, ओम प्रकाश पांडेय, माला चौबे, बब्बू चौबे, बृजेश कुमार श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव कांवरिया, शिवभक्त मौजूद रहे।