उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की तीसरे दिन शनिवार को हाईस्कूल के वाणिज्य और इंटर के अर्थशास्त्र, वाणिज्य भूगोल एवं हिंदी की परीक्षा हुई। हाईस्कूल में 70 और इंटर में 740 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान सचल दस्ता और अधिकारी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
जिले के 82 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े तक बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक हुई। प्रथम पाली में हाईस्कूल के वाणिज्य मेें 351 बच्चे पंजीकृत थे, जिसमें 281 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए। इंटर के अर्थशास्त्र में पंजीकृत 5660 परीक्षार्थियों में से 4912 उपस्थित, वाणिज्य भूगोल में 29 परीक्षार्थियों में से 27 बच्चों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में इंटर के हिंदी द्वितीय प्रश्न पत्र में 14498 परीक्षार्थी और हिंदी सामान्य में 7725 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
इनमें कितने परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए इसका पता समाचार लिखे जाने तक नहीं चल सका था। राबर्ट्सगंज मुख्यालय पर स्थित आदर्श इंटर कालेज, राजा शारदा महेश इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज में कोतवाल अबरार अहमद भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। करमा प्रतिनिधि के मुताबिक मोती सिंह इंटर कालेज में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा हुई। दुद्धी संवाददाता के अनुसार राजकीय बालिका इंटर कालेज में परीक्षा के दौरान शाम करीब पांच बजे छात्रा सुशीला निवासी करौली की तबियत खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराय गया।