सोनभद्र। यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार चार केंद्र कम हाेंगे। आपत्तियों का निस्तारण कर समिति ने रिपोर्ट बोर्ड को भेज दिया है।
जिले में बोर्ड परीक्षा की तैयारी तेजी से चल रही है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में इस बार 47787 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल में 28845 तो इंटर में 18942 छात्र-छात्रा हैं। 23 नवंबर को जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी हुई थी, जिसमें 79 केंद्र शामिल थे।
सूची प्रकाशित होने के बाद से ही लगातार विद्यालय प्रबंधन असंतोष जता रहे थे। इसमें मानकों की अनदेखी के कई मामले सामने आए। दिव्यांगजनों और छात्राओं का केंद्र भी 35 से 40 किमी दूर बना दिया गया है। तय समय सीमा में करीब 41 आपत्ति मिली। करीब एक सप्ताह में इन आपत्तियों का निस्तारण किया गया। इसकी रिपोर्ट भेज दी गई। पिछले साल से साढ़े तीन हजार से अधिक छात्र होने के कारण इस बार डीएम की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यों वाली कमेटी ने 76 केंद्रों को सेंटर बनाने की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी है। पिछले साल 80 परीक्षा केंद्रों के मुकाबले इस बार 76 परीक्षा केंद्र होने की पूरी संभावना है। सूत्रों के मुताबिक जिन स्कूलों का केंद्र दूर भेजने की आपत्ति थी, उसे सुधार कर नजदीक के विद्यालय को आवंटित किया गया है।
समिति में ये रहे शामिल
डीएम की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यों वाली कमेटी में चारों तहसीलों के एसडीएम और तहसीलदार, जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय और एडेड के दो प्रधानाचार्य शामिल रहे।
परीक्षा केंद्रों की संभावित सूची को लेकर मिली आपत्ति का निस्तारण कर दिया गया है। 76 केंद्रों का प्रस्ताव भेजा गया है। अंतिम सूची शासन से जारी होगी। - राजेंद्र यादव, डीआईओएस।