सोनभद्र। सरकारी रिकॉर्ड में जिले की समितियों पर पर्याप्त खाद है। गोदाम में भी डीएपी का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया है। यहां तक कि पिछले दिनों मिर्जापुर में किल्लत हुई तो 850 एमटी खाद सोनभद्र से भेजा गया। बावजूद जिले के किसानों को खाद नहीं मिल रही है। जिला मुख्यालय स्थित राबर्ट्सगंज क्रय-विक्रय समिति पर ही लंबे समय से डीएपी नदारद है। रोज किसान लौट रहे हैं। यही हाल जिले की अन्य समितियों का भी है।
धान की कटाई कर चुके किसान गेहूं की बोवाई में जुटे हैं। कई इलाकों में बोवाई पूरी भी हो चुकी है। ऐसे में किसानों को खाद की जरूरत है। बोवाई करने वाले किसानों को डीएपी तो पहले ही बोवाई कर चुके किसान यूरिया पाने के लिए परेशान है। जिले में 60 से अधिक सहकारी समितियों पर खाद को लेकर किल्लत बनी हुई हैं। कहीं डीएपी का अभाव है तो कहीं यूरिया नदारद है। किसान रोजाना समितियों का चक्कर लगाकर लौट रहे हैं। राबर्ट्सगंज क्रय-विक्रय समिति पर डीएपी नदारद है। कर्मचारियों के मुताबिक दो-चार दिनों में डीएपी आने की उम्मीद है।
मधुपुर: साधन सहकारी समिति बट बंतरा पर पिछले पांच दिनों से डीएपी और यूरिया नहीं है। सचिव प्रदीप सिंह ने बताया कि एक सप्ताह से चेक जमा कर मांग की जा रही है लेकिन अभी तक खाद नहीं पहुंची है। नगवां ब्लॉक में साधन सहकारी समिति रइया के गोदाम पर 475 बोरी यूरिया उपलब्ध है, मगर डीएपी नदारद है, जबकि इस वक्त सबसे ज्यादा आवश्यकता डीएपी की ही है। समिति के सचिव अमित कुमार सिंह ने बताया कि यूरिया समाप्त होगा, तब डीएपी खाद आएगा। किसान मथुरा पांडेय ने बताया कि इस समय गेहूं की बोवाई हो रही है तो किसानों को डीएपी डाई की जरुरत है। मजबूरी में बाजार से खरीदना पड़ रहा है। सलखन:
सदर ब्लॉम के पईका साधन सहकारी समिति पर डीएपी नहीं है। यूरिया दो सौ बोरी है। सचिव भुनीराम ने बताया कि खाद मंगाई जा रही है।
करमा में दो दिन से नहीं है खाद
करमा/केकराही। सहकारी समिति करमा में डीएपी और यूरिया दो दिन से नहीं है। फुलवारी उपकेंद्र पर खाद का वितरण कराया जा रहा है। पांपी में भी खाद उपलब्ध है। खैरपुर में यूरिया है लेकिन डीएपी नहीं। प्रबंध निदेशक धीरज तिवारी ने बताया कि करमा में बृहस्पतिवार तक खाद का वितरण कराया गया है। किसान सेवा सहकारी संघ केकराही में 600 बोरी डीएपी व 425 बोरी यूरिया उपलब्ध है। प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों को खाद दी जा रही है।
खाद के लिए सुबह से ही लगी रही भीड़
दुद्धी। क्रय विक्रय समिति में शुक्रवार को सुबह से ही यूरिया लेने के लिए भीड़ लगी रही। केंद्र संचालक दशरथ कुमार ने बताया कि एक ट्रक यूरिया गोदाम में पड़ी है। पिछले एक सप्ताह से मौसम खराब होने पर किसान खाद नहीं ले पाए थे। अब धूप निकलने के बाद भीड़ लगी है। यूरिया पर्याप्त है। समय से उचित दर पर खाद किसानों को दिया जा रहा है। वहीं रामगढ़। चतरा ब्लाक के साधन सहकारी समिति रामगढ़, शिवपुर, कोरियांव, सोढ़ा और बिरधी में डीएपी, यूरिया उपलब्ध है।
जिले की समितियों पर खाद पर्याप्त मात्रा में है। गोदामों में भी अतिरिक्त स्टॉक है। पिछले दिनों मिर्जापुर में किल्लत होने पर साढ़े आठ सौ एमटी खाद यहां से भेजी गई थी। किसानों को जरूरत के अनुसार खाद दी जा रही है। जहां खाद नहीं है, वहां शीघ्र पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। - मिहिर कुमार पात्रा, एआर कोऑपरेटिव।