बीजपुर । एनटीपीसी की रिहंद परियोजना में राजभाषा अनुभाग के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़े का समापन शुक्रवार की शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक एके मुखर्जी ने कहा कि देश को एक कड़ी में पिरोने का कार्य हिंदी करती है।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि वर्तिका महिला मंडल समिति की अध्यक्ष स्वरूपा मुखर्जी ने अन्य सहअतिथियों के साथ संयुक्त रूप से प्रज्ञादीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि को राजभाषा कार्यांवयन समिति के अध्यक्ष के नाते अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए हिंदी में कार्य करना आवश्यक है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में 16 टीमों के सभी 86 महिला प्रतिभागियों, संगीतकार तथा सुलेख, पत्र लेखन, अंतर कार्यालय ज्ञापन के 43 विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण रंजन कुमार ने एनटीपीसी के सीएमडी गुरदीप सिंह द्वारा जारी हिंदी संदेश को पढ़कर सुनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली 16 टीमों ने लोकगीत, लघु नाटिका, गजल, गीत व नृत्य आदि की प्रस्तुति कर जहां श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। लघु नाटिका के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता तथा बेटियों के सम्मान पर आधारित नाटिका से समाज को महिलाओं के प्रति हो रहे अत्याचार के खिलाफ सोचने पर मजबूर कर दिया। तृप्ति गुप्ता ने गजल तथा मधु श्रीवास्तव ने गीत की प्रस्तुति कर सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिया। इस मौके पर उमेश कुमार पाठक, रामजी, राम प्रकाश, मिथिलेश श्रीवास्तव, केसी सिंहाराय, एम रमेश, डा. कृष्णा मल्ल, अनुराग शुक्ला, केसी त्रिपाठी, महावीर प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, रविंद्र सिंह आदि रहे।