बीजपुर । म्योरपुर ब्लाक के कई परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी शिक्षा व्यवस्था पर भारी पड़ रही है। प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय खम्हरिया में शिक्षकों की कमी पूरी न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या का निस्तारण नहीं किया गया। हाल के दिनों में शिक्षकों की हुई भर्ती में भी इस विद्यालय को एक भी शिक्षकों की सौगात नहीं मिली है।
खम्हरिया के प्रधान शंकर दयाल विश्वकर्मा व अभिभावक जयचंद, शिवशंकर, रामसेवक व दीपचंद ने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर शिक्षकों की कमी दूर करने की गुहार लगाई थी लेकिन हाल के दिनों में 16500 शिक्षकों की हुई भर्ती के बावजूद इस स्कूल को एक भी शिक्षक की सौगात नहीं मिली। प्रधान ने बताया कि बीते वर्ष प्राथमिक विद्यालय खम्हरिया में दो शिक्षक तैनात किए गए थे । जिसमें एक शिक्षक फर्जीवाड़ा में फंसने के बाद फरार हो गया। इस स्कूल में एक शिक्षक कक्षा एक से पांच तक 150 छात्रों को शिक्षा दे रहे हैं। शिक्षण कार्य के अलावा बैठक, पुस्तक का वितरण आदि कार्य में लगने के कारण पढ़ाई बाधित होती है। कभी-कभी तो बैठक के चलते स्कूल में ताला बंद करना पड़ता है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय खम्हरिया में छात्रों की संख्या 100 है। यहां भी एक ही शिक्षक की तैनाती है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट तलब कर मामले की जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी के संज्ञान में मामला लाते हुए शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।