सोनभद्र। सफाई कर्मियों को ग्रेडपे 1900 देने समेत अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण इकाई कर्मचारी संघ ने प्रदर्शन किया। पेरोल के नाम पर सफाई कर्मियों का शोषण किया जा रहा है। इस पर रोक न लगने पर वृहद आंदोलन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को सीएम के नाम मांगपत्र सौंपा।
मुख्य अतिथि संघ के प्रदेश महामंत्री रामेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारियों का नाम पंचायत सेवक करें। सफाई कर्मियों के बकाया चिकित्सा प्रतिपूर्ति का बजट समस्त जनपदों को भेजा जाए। पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारियों के बकाया चिकित्सा प्रतिपूर्ति का बजट समस्त जनपदों को भेजा जाए। पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारियों को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के पदों पर पदोन्नति का अवसर मिले। वर्ष 2015 से सफाई कर्मियों के पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी नहीं मिल रही है। जिला कार्यवाहक अध्यक्ष वृजेश श्रीवास्तव और जिला प्रभारी अखिलेश सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का पेरोल नाम पर शोषण किया जा रहा है। आडिनेट मनोज पांडेय ने कहा कि प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को ग्रेडपे 1900 दिया जाए। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने कहा कि एक फरवरी को लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए जिले से भारी संख्या में कर्मचारी जाएंगे। संचालन जिलामंत्री मानिकचंद्र ने किया। महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष रेखा देवी, सुषमा, मंजू, रविंद्र कुमार, देवानंद पाठक, ऋषिंद्र कुमार, कमलेश, महेंद्र खरवार, इंद्र नारायण, चंदन, रामबाबू सोनी, चूड़ामणि, अजय, राजेश रावत, चंद्रबलि सिंह, उमेश शर्मा, सुनील, शिव प्रसाद आदि मौजूद रहे।