सोनभद्र। प्रदेश सरकार ने विद्युत निगम को कोविड-19 ओटीएस योजना के तहत व्यवसायिक, गैर सरकारी संस्थानों समेत छोटे-छोटे औद्योगिक प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत सरचार्ज माफ करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना से जिले के 5109 उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पहले ओटीएस योजना में पंजीकररण करना होगा। लेकिन अब तक 508 उपभोक्ताओं ने ही पंजीयन कराया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी ओटीएस के तहत लक्ष्य से बहुत कम पंजीकरण होने पर नाराजगी जताते हुए बकायेदारों की आपूर्ति ठप करने के निर्देश दिए हैं।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी डॉ. सरोज कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19 ओटीएस योजना की समीक्षा की। जिले में ओटीएस के तहत लक्ष्य से बहुत कम पंजीकरण होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। अब विद्युत निगम एलएमवी-2 (व्यवसायिक) 4बी (गैर सरकारी संस्थान) व एचवी-6 (छोट औद्योगिक प्रतिष्ठान) श्रेणी के बकाएदार छूट का लाभ लेने के लिए पंजीकरण नहीं कराते है तो अभियंता अभियान चलाकर उनका कनेक्शन काट कर कार्रवाई करेगा। बकाएदारों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। सहायक अभियंता अभिषेक ने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एलएमवी-2, 4बी व एचवी-6 श्रेणी के 5109 उपभोक्ताओं पर लगभग 63 करोड़ 81 लाख रुपये बकाया है। उक्त उपभोक्ता ओटीएस योजना में पंजीकरण कराकर बकाया जमा करेंगे तो उन्हें लगभग 22 करोड़ 81 लाख की छूट मिलेगी। इसके बावजूद बकाएदार पंजीकरण नहीं करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग को जिले के 3832 उपभोक्ताओं से संपर्क कर 22 करोड़ 84 लाख बकाया जमा कराने के लक्ष्य मिला है। लेकिन अब तक 508 उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराते हुए एक करोड़ 12 लाख रुपये ही जमा किए हैं। बार-बार कहने के बाद भी जो बकाएदार पंजीकरण नहीं करा रहा है उसकी आपूर्ति ठप कर बकाया वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
कोविड-19 ओटीएस योजना के तहत व्यवसायिक, स्कूल समेत अन्य प्राइवेट संस्थानों के अलावा छोटे-छोटे औद्योगिक संस्थानों का शत-प्रतिशत सरचार्ज माफ किया जा रहा है। लेकिन अब तक सिर्फ 508 उपभोक्ता ही पंजीयन कराकर लाभान्वित हुए हैं। अवर अभियंताओं को ओटीएस योजना में पंजीकरण कराकर बकाया जमा न करने वालों की आपूर्ति ठप करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
- एसके सिंह, एक्सईएन राबर्ट्सगंज