सोनभद्र। मस्तिष्क ज्वर जैसी खतरनाक बीमारी से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया है। अप्रैल और मई माह में जिले में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों की 40 टीमें गांवों में जाकर न सिर्फ जागरूकता अभियान चलाएगी बल्कि एक वर्ष से लेकर 15 वर्ष के उन बच्चों को चिह्ति करेगी जिन लोगों ने मस्तिष्क ज्वर का टीका नहीं लगवाया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि जिले में मस्तिष्क बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या न के बराबर है। क्योंकि राजकीय अस्पतालों में जरूरत के अनुसार बच्चों को टीका लगाया जा रहा है। कहा कि राबर्ट्सगंज, घोरावल, चतरा, नगवां, चोपन, दुद्धी, बभनी और म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र मेें पांच-पांच टीमें क्षेत्र में भ्रमण कर ऐसे एक से 15 वर्ष के बच्चों को चिन्हित करेगी जिनको किन्हीं कारणों से मस्तिष्क ज्वर का टीका नहीं लग सका है। टीमें चिह्नित कर बच्चों को नजदीकी सीएचसी, पीएचसी और न्यू पीएचसी पर ले जाकर उन्हें टीका लगवाने का भी कार्य करेंगी। इसकी मानीटरिंग केे लिए द्वय एसीएमओ नियुक्त किए जाएंगे।