अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को लोगों ने जमकर योग-प्राणायाम किया। जिले में 400 से अधिक स्थानों पर आयोजित शिविरों में करीब 60 हजार लोगों ने सामूहिक योग किया। इसके अलावा घरों में भी लोगों ने परिवार के साथ योग किया।
विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम तियरा में प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने योग शिविर का शुभांरभ किया। यहां आयुष विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश यादव, यतेंद्र नाथ उपाध्याय, अभिषेक कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित शिविर में एक साथ 4200 लोगों ने योगाभ्यास किया। अफसरों-कर्मचारियों व आम लोगों के साथ मंत्री, राज्यसभा सांसद भी योग-प्राणायाम करते दिखे। प्रभारी मंत्री ने योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ संपूर्ण कल्याण के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद रामशकल, डीएम चंद्र विजय सिंह, सीडीओ सौरभ गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल, ब्लाॅक प्रमुख सदर अजीत रावत आदि मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में एसपी डॉ. यशवीर सिंह, एएसपी कालू सिंह, टीएन त्रिपाठी के साथ करीब 2600 पुलिस कर्मचारियों ने सामूहिक योग किया। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को योगी संकट मोचन ने योगाभ्यास कराया। इसके अलावा राबर्ट्सगंज कचहरी में प्रभारी जनपद न्यायाधीश जितेंद्र कुमार द्विवेदी, एडीजे अर्चना रानी, सीजेएम आलोक यादव, सिविल जज सीनियर डिवीजन अमित कुमार तृतीय, अपर सिविल जज पारुल कुमारी ,अपर सिविल जज अभिनव कुमार द्विवेदी के साथ कर्मचारियों-अधिवक्ताओं ने योगाभ्यास किया।
मंडी समिति में पतंजलि योग परिवार के प्रमुख योग शिक्षक ओम प्रकाश यादव व जिला कार्य समिति सदस्य सुनील कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और सोनभद्र बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रमेश राम पाठक की अध्यक्षता में योग शिविर आयोजित हुआ। विंध्य कन्या महाविद्यालय में पतंजलि योग समिति की योग शिक्षिका अनीता, डॉ. संजय सिंह व प्राचार्या अंजली विक्रम सिंह ने दीप जलाकर योग शिविर का शुभारंभ किया।
पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी, चतरा ब्लॉक के कसारी में सदर विधायक भूपेश चौबे आदि, हंस वाहिनी इंटर काॅलेज कसया, विंध्य कन्या महाविद्यालय राबर्ट्सगंज सोनभद्र में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों ने योग-प्रणायाम किए और उससे होने वाले लाभ को जाना।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किया योगाभ्यास, बताए फायदे
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी, रोवर्स, रेंजर्स के स्वयं सेवियों के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास किया। पतंजलि योग समिति के प्रभारी व योग प्रशिक्षक वीरेंद्र श्रीवास्तव, प्रशिक्षक पूजा सिंह, प्रियंका सिंह, अर्पिता, हर्षिता पांडेय ने योगाभ्यास कराया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार, प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार सैनी, उपेंद्र कुमार, डॉ. विकास कुमार आदि रहे। डाला मंडल में मंडल अध्यक्ष दीपक दुबे के नेतृत्व में हुए योग शिविर में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा मौजूद रहे। ओबरा थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योगाभ्यास किया।