सोनभद्र। जिले में छह महिलाओं समेत 56 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें सर्वाधिक 18 संक्रमित रेणुकूट क्षेत्र के हैं। इसके साथ ही जिले में पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 2309 हो गई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 67 मरीज इलाज के बाद मंगलवार को स्वस्थ भी घोषित किए गए। इसकी पुष्टि सीएमओ डा एसके उपाध्याय ने की है। मंगलवार को 56 पाजिटिव मरीज मिलने के साथ ही जिले में एक्टिव मामले अब 349 हो गए हैं।
उधर, चिकित्सकों की टीमें मंगलवार को भी रेंडम, संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों व कैंटेनमेंट जोन में रहने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने कुल 1734 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए। पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1324 लोगों की मंगलवार को रिपोर्ट भी आई। जिसमें 56 पाजिटिव और 1268 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 84161 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 82698 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 2309 पाजिटिव और 80389 की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 1463 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मंगलवार को 56 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 349 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में से तीन की मौत जिला अस्पताल परिसर स्थित कोविड केयर सेंटर और 19 अन्य की मौत दूसरे जिलों में हुई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को पाजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।
इनसेट
कचहरी पर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
सोनभद्र। कचहरी में कार्यरत एक कर्मचारी की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाकर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। संक्रमित मिले कर्मचारी के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया है। जरूरत के सामान लोगों को घरों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।