सोनभद्र। जिला प्रशासन की तरफ से जिले में यूरिया खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। यूरिया की कमी न हो, इसके लिए 558 एमटी यूरिया प्राइवेट दुकानों के लिए मंगाई गई है। दो दिन पहले 1100 एमटी खाद साधन सहकारी समितियों के लिए मंगाई गई है। इससे अब यह उम्मीद की जा रही है कि जिले के किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो सकेगी।
बता दें कि खरीफ खेती का इस समय पीक सीजन चल रहा है। इन दिनों किसान सोहन कराकर धान की फसल में यूरिया का छिड़काव कर रहे है। लेकिन कुछ दिनों से जिले में यूरिया की किल्लत की वजह से किसान परेशान थे।अब साधन सहकारी समितियों के साथ प्राइवेट दुकानों पर यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से हर प्रयास किया जा रहा है। किसानों को सुगमता से यूरिया खाद उपलब्ध हो सके इसके लिए जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय खुद साधन सहकारी समितियों पर जाकर मानिटरिंग कर रहे हैं। शनिवार को भी कई केंद्रों पर जाकर सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन कराते हुए यूरिया खाद वितरण कराये। उधर कृषि उपनिदेशक डीके गुप्ता ने बताया कि जिले में यूरिया का स्टाक पर्याप्त है। किसान जल्दबाजी में आकर समितियों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्राइवेट दुकानों के लिए 558 एमटी यूरिया खाद मंगवाई गई है। दो दिन पहले 1100 एमटी यूरिया जिले के 71 साधन सहकारी समितियों पर भेजी गई है।