चोपन थाना में पुलिस हिरासत में गाजा तस्कर।स्रोत पुलिस
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के करगरा मोड़ पर शुक्रवार की भोर में बगैर नंबर प्लेट की कार से 52 किलो गांजा बरामद किया। इसे छह बोरियों में भरकर डिकी में रखा गया था। कार चला रहे श्रावस्ती जिले के एकौना थाना अंतर्गत गड़ेड़ियेनपुरवा निवासी प्रदीप कुमार गौतम को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में पता चला कि यह गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था। इसे श्रावस्ती के ही एक व्यक्ति ने झारखंड के व्यक्ति की मदद से रखवाया था।
कार चालक को गांजा श्रावस्ती पहुंचने पर 35 हजार रुपये दिए जाने का लालच भी दिया गया था। गांजा, संबंधित वाहन को कब्जे में लेने के साथ ही पकड़े गए चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालान कर दिया गया।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्र की अगुवाई वाली टीम शुक्रवार की भोर में सवा तीन बजे के लगभग करगरा मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चोपन की तरफ से आ रही कार की तलाशी ली तो डिकी में छह बोरियों में 52 किलो 200 ग्राम गांजा रखा हुआ है। संवाद