सोनभद्र। बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सहित अन्य समस्याओं को दूर कराने की मांग को लेकर बुधवार को बघुआरी, ओडिया और गड़ौरा के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मांगें पूर्ण न होने पर वृहद आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा कि गड़ौरा गांव में ठेकेदार ने ग्रामीणों को कनेक्शन दे दिया है। लेकिन अभी तक बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। लोढ़ी से गड़ौरा तक सड़क नहीं बन सकी है। सड़क न होने के कारण सूचना देने के बाद भी मरीजों को लेने के लिए एंबुलेंस नहीं पहुंचती है। यही हाल ओडिया गांव है। यहां ग्रामीणों को पेयजल के लिए हैंडपंप तक नहीं है। मजबूरी में ग्रामीण चुआड़ का पानी पी रहे हैं। कहा कि ओडिया से गड़ौरा जाने के लिए बंधी पर पुलिया नहीं है। ऐसे में पुलिया निर्माण कराना अत्यंत आवश्यक है।कहा कि पूर्व में मांगों को पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार मांगपत्र दिया जा चुका है। बावजूद इसके अभी तक समस्याएं जस की तस है। विवश होकर आंदोलन की राह पकडनी पड़ रही है। रामलखन, इंद्रदेव सिंह, गुलाबी, बेचिया, विश्वनाथ, जयराम, मोहन, अशोक, राम नारायण, मंदीप गोड़, कलावती, अनिल, चरण सिंह, राजेश आदि मौजूद रहे।