सोनभद्र। केंद्र सरकार ने जिले के 577 ग्राम पंचायतों को ऑनलाइन करने के लिए भारत दूर संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को हरी झंडी दे दी है। बीएसएनएल चयनित ग्राम पंचायतों में केबिल बिछाने समेत अन्य कार्यों को पूर्ण कराने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया में जुट गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही केबिल बिछाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
केंद्र सरकार ने भारत नेट योजना के तहत जिले के 637 ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने का निर्णय लिया है। भारत नेट योजना के तहत प्रथम चरण में चतरा ब्लॉक के 60 ग्राम पंचायतों को ऑनलाइन कर दिया गया है। द्वितीय चरण में राबर्ट्सगंज, घोरावल, नगवां, चोपन, दुद्धी, म्योरपुर और बभनी ब्लॉक के 577 ग्राम पंचायतों को नेट से जोड़ा जाएगा। ताकि प्रत्येक ग्राम पंचायतों में इच्छुक व्यक्ति सहज जन सेवा केंद्र खोल सकें। गांवों में सहज जन सेवा केंद्र खुलने से लोगों को आय, जाति, निवास, जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र लेने, खतौनी, कुटुंब रजिस्टर का नकल लेने, रोजगार पंजीकरण एवं नवीनीकरण के आवदेन, नए राशन कार्ड, राशन कार्ड के नवीनीकरण और राशन कार्ड के संसोधन के लिए आवेदन आदि के लिए तहसील और ब्लाँकों का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। वर्तमान में नक्सल-दुरूह क्षेत्रों में कहीं-कहीं सहज जन सेवा केंद्र खुले हैं। लेकिन अक्सर इंटरनेट सेवा बाधित होने से केंद्रों पर कामकाज ठप रहता है। इसका खामियाजा छात्र-छात्राएं समेत अन्य लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट का जाल बिछाने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में बीएसएनएल के एसडीओ धर्मेेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की महात्वाकांक्षी भारत नेट योजना के तहत प्रथम चरण में चतरा ब्लॉक के 60 ग्राम पंचायतों को नेट सेवा जोड़ दिया गया है। शेष 577 ग्राम पंचायतों को जोड़ने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है। उम्मीद है कि जल्द ही नामित कंपनी केबिल बिछाने समेत अन्य कार्यों को शुरू कर देगी।