सोनभद्र। चोपन-चुनार एकल रेल सेक्शन पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाने के लिए रेलवे बोर्ड की ओर से साढ़े 44 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज अंतर्गत इस रेलखंड पर चल रहे कार्यों का आदेश प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग निदेशक पंकज कुमार ने 15 जनवरी को जारी किया है।
राज्यसभा सांसद रामशकल के साथ क्षेत्रीय रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्य एसके गौतम ने चेयरमैन व सीईओ विनय कुमार त्रिपाठी से मिलने के बाद कोरोना काल खत्म होने पर राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया था। धनराशि अंब्रेला वर्क 2021-22 में प्रस्तावित थी लेकिन कोरोना के बढ़ते प्रकोप में लॉकडाउन के कारण रोक दी गई थी। दोबारा शुरू कराने के लिए एसके गौतम ने 15 नवंबर को प्रयागराज में आयोजित क्षेत्रीय सलाहकार समिति बैठक में मुद्दे को उठाया। राशि की स्वीकृति मिलते ही सितंबर तक सभी कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि चुर्क से लूसा स्टेशन 40 किमी रेलवे ट्रैक पर 100 किलोमीटर गति सीमा बढ़ाने का कार्य पूरा हो चुका है। शेष बचे 63 किलोमीटर रेलवे ट्रैक पर गति सीमा बढ़ाने के कार्य स्वीकृत धनराशि से किए जाएंगे। इसमें रेलखंड पर कर्व, घुमाव, टीटीएम, रेल पटरियों को बदलना आदि शामिल होंगे। विश्वनाथपुरी नए हाल्ट स्टेशन का निर्माण कार्य भी जारी है। इस एकल रेल लाइन के आधारभूत संरचना कार्य पूरा होने व 100 किमी स्पीड से रेलगाड़ियों के संचालन से ऊर्जांचल के सिंगरौली व शक्तिनगर रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली तक नई रेलगाड़ियों का संचालन ज्यादा होगा।