ओबरा। पूर्व मध्य रेलवे के गढ़वा रोड-सिंगरौली रेलखंड में विद्युतीकरण की प्रक्रिया में बाधा बन रहे विद्युत उप केंद्रों को विद्युत आपूर्ति 31 मई तक शुरू कर दी जाएगी।
रेलमार्ग के विद्युतीकरण के लिए ओबरा डैम रेलवे स्टेशन और रेणुकूट में विद्युत उपकेंद्र निर्माणाधीन हैं। रविवार को सोनभद्र आये उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमीशन कारपोरेशन के निदेशक रवि प्रकाश दुबे ने ओबरा जल विद्युत घर एवं पिपरी जल विद्युत घरों का दौरा कर दोनों उपकेंद्रों की लाइनों को जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कार्य को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान विधुत प्रेषण मंडल मिर्जापुर के अधीक्षण अभियंता घनश्याम मिश्रा, राबर्ट्सगंज के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि ओबरा डैम स्थित विधुत उपकेंद्र को ओबरा जल विद्युत घर से तथा रेणुकूट उपकेंद्र को पिपरी जल विद्युत गृह से बिजली दी जानी है। दोनों उपकेंद्र का निर्माण रेलवे के विद्युतीकरण योजना के तहत लगभग पूर्ण अवस्था में है। ओबरा जल विधुत घर के अधिशासी अभियंता इ.महेश कुमार गौतम ने बताया कि आगामी 31 मई तक उपकेंद्रों की लाइन जोड़ दी जाएगी।